Rajasthan:मुख्यमंत्री शर्मा ने किया आह्वान, रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम लगाएं एक पेड़

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से एक खास अपील की है। सीएम शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा बैठक के तहत अब तक हुए पौधारोपण, पौधों की देखभाल और आगामी लक्ष्य को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। सीएम ने निर्देश दिए कि इस वर्ष प्रदेश में 10 करोड़ से अधिक पौधों का पौधारोपण किया जाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की उचित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को पौधों की नियमित निगरानी करने और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम लगाएं एक पेड़
मुख्यमंत्री ने आमजन को भी हरियालो राजस्थान अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रक्षाबंधन पर भाई-बहन के नाम एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रक्षाबंधन के अवसर पर पौधारोपण करने वाले भाई-बहनों को सम्मानित किया जाए, ताकि पौधारोपण को सामाजिक और पारिवारिक परंपरा से जोड़कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके।

pc- etv bharat