Rajasthan: उप जिलाप्रमुख चुनावों में भी कांग्रेस का दबदबा, 25 जिलों में किया कब्जा, 8 पर भाजपा, बीएपी ने 3 और आरएलपी ने 1 सीट पर किया कब्जा
- byShiv
- 27 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान पंचायत राज चुनाव 2026 में कांग्रेस को बड़ी सफलता हाथ लगी हैं और भाजपा को निराशा। इस बीच जिला प्रमुखों के चुनावों के बाद में गुरूवार को उपजिला प्रमुखों के चुनाव संपन्न हुए। जिला प्रमुख चुनाव की तरह ही कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख चुनाव में भी अपना दबदबा दिखाया है। प्रदेश के सभी 37 जिलों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 25 जिलों में उप जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 8 जिलों में ही जीत मिली है। बीएपी ने 3 सीटों पर कब्जा किया।
वहीं आरएलपी को एक जिले में सफलता मिली है। उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने कई जिलों में निर्विरोध जीत भी हासिल की। अलवर से अर्जुन सिंह, धौलपुर से वीर सिंह मीणा, दौसा से छोटूराम मीणा और जैसलमेर से हरीश धनदेव कांग्रेस के टिकट पर निर्विरोध उप जिला प्रमुख बनने में सफल रहे।
वहीं राजधानी जयपुर से सुनील कुमावत, जोधपुर से ओमप्रकाश बिश्नोई, सीकर से रमेश बेरवाल, बीकानेर से मदन चौहान, भरतपुर से राजेश सिंह, डीग से नीलम रावत, राजसमंद से उदय सिंह, कोटपूतली-बहरोड़ से रमा गुर्जर और चित्तौड़गढ़ से रामेश्वर लाल धाकड़ भी कांग्रेस के टिकट पर उप जिला प्रमुख बनने में सफल हुए हैं।
भीलवाड़ा से सुनीता कौशिक, चूरू से छोटूलाल मेघवाल, बूंदी से उच्छब लाल धाकड़, डीडवाना-कुचामन से हितेश्वर कुमार, बाड़मेर से प्रेम कंवर, सवाई माधोपुर से मुकेश शर्मा, फलोदी से विमला, जालोर से ममता विश्नोई, टोंक से आशाराम धाकड़, हनुमानगढ़ से रामकुमार, झुंझुनूं से आशुतोष मीणा और सिरोही से लखमा राम ने भी उप जिला प्रमुख चुनाव में जीत दर्ज की।
pc- ddnews.gov.in





