Rajasthan: खेजड़ी के संरक्षण एवं सुरक्षा हेतु कठोर कानून लाएगी सरकार, उच्च स्तरीय समिति का हुआ गठन

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान की भजनलाल सरकार खेजड़ी के संरक्षण एवं सुरक्षा हेतु कठोर कानून लाने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। खेजड़ी सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रजातियों के वृक्षों के संरक्षण एवं सुरक्षा हेतु प्रदेश सरकार ने एक विशेष कानून लाने के अपने विनिश्चय और घोषणा की क्रियान्विति करने के लिए ‘वृक्ष संरक्षण विधेयक’का प्रारूप तैयार करने हेतु एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। 

इस समिति की पहली बैठक संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में उनके निवास पर आयोजित की गई। बैठक में कमेटी की ओर से वृक्षों के संरक्षण हेतु एक मजबूत और बिना मुकदमे वाला कानून बनाने के लिए दूसरे राज्यों में मौजूद वृक्ष संरक्षण कानूनों के साथ तुलनात्मक अध्ययन कर विचार-विमर्श किया गया।

प्रारूप विधेयक को अंतिम रूप दिए जाने से पहले संबंधित विभागों, विधि विशेषज्ञों और स्टेकहोल्डर के सुझावों पर विचार किया जा रहा है। कमेटी की अगली बैठक आगामी 11 मार्च को आयोजित की जाएगी। वर्तमान में केवल कृषि भूमि पर ही पेड़ों की कटाई की अनुमति का प्रावधान और अवैध पेड़ कटाई पर पेनल्टी का प्रावधान काश्तकारी कानून में है।

pc-