Weather Update: राजस्थान में सर्दी दिखाने लगी रंग, तापमान में गिरावट का दौर जारी, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान पहुंचा 2.4 डिग्री

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सर्दी का असर अब जोरों पर हैं, ग्रामीण इलाकों में तेज ठंड देखने को मिल रही हैं तो वहीं शहरों में भी अब रातें सर्द होने लगी है। सुबह शाम की ठंड लोेेेगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर रही है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। 24 नवंबर को सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चूरू में पारा 4.1 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।

तापमान में गिरावट का दौर
मौसम विभाग जयपुर की माने तो प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी 48 घंटों में राजस्थान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। हालांकि, अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। बारिश, आंधी, मेघगर्जन या ओलावृष्टि को लेकर फिलहाल किसी जिले में चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग की माने तो फिलहाल दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है, जबकि सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से गिरने लगता है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक और गिर सकता है।

pc- amar ujala