Rajasthan: नेता प्रतिपक्ष जूली ने सीएम शर्मा पर साधा निशाना, पहले की गई घोषणाएं आज भी सरकारी फाइलों में अटकी हुई
- byShiv
- 29 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा को निशारे पर लिया है। कांग्रेस नेता जूली ने एक्स के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री जी खैरथल जिले को लगातार भाषणों, घोषणाओं, शिलान्यास और लोकार्पण के दौर तक ही सीमित रखे हुए हैं, जबकि धरातल पर पहले की गई घोषणाएं आज भी सरकारी फाइलों में अटकी हुई हैं। जिला मुख्यालय पर प्रदेश के मुखिया करोड़ों रुपए के शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सरकार आज तक यह तय नहीं कर पाई कि जिले का नाम और स्वरूप क्या होगा। जिस जिले में करोड़ों की योजनाओं के लोकार्पण हो रहे हैं, उसी जिले के मुख्यालय का ही आज तक अता-पता नहीं है।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो जूली ने कहा कि विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास करना अच्छी बात है, लेकिन सरकार को जनता को यह भी बताना चाहिए कि पूर्व में की गई घोषणाओं का क्या हुआ। अलवर, खैरथल-तिजारा और बहरोड़-कोटपूतली क्षेत्र को लेकर पूर्व में की गई अनेक घोषणाएं अभी तक हवा में लटकी हुई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे और मंचों से बड़ी-बड़ी घोषणाएं सुनने को मिलती हैं, लेकिन जनता अब घोषणाओं से आगे बढ़कर काम का हिसाब चाहती है। यदि सरकार पहले की घोषणाओं को ही जमीन पर नहीं उतार पा रही है, तो नए शिलान्यास और लोकार्पण का औचित्य क्या है?
pc- first india news






