Rajasthan: मंत्री केके विश्नोई ने बेनीवाल पर साधा निशाना, कहा- बयानबाजी केवल टीआरपी के लिए की जा रही
- byShiv
- 29 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। आरएलपी नेता और सांसद हनुमान बेनीवाल ने दो दिन पूर्व भैराणा धाम को लेकर की गई सभा में मुख्यमंत्री और कैबिनेट को लेकर बयान दिया था, जिसपर सियासत गरमा गई है। सीएम भजनलाल शर्मा पर बयान के मामले में कैबिनेट मंत्री केके बिश्नोई ने पलटवार किया है। उन्होंने बेनीवाल को नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के मुद्दे उठाना हर जनप्रतिनिधि का अधिकार है, लेकिन मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो केके विश्नोई ने हनुमान बेनीवाल के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि धरना देना सबका मौलिक अधिकार है, लेकिन धरने का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखना चाहिए कि उनके द्वारा पिछले आंदोलनों से क्या परिणाम निकले। बिश्नोई ने कहा कि केवल मीडिया के सामने आकर बयान देना ही राजनीति नहीं है, बल्कि जनता के मुद्दों के समाधान तक लड़ाई लड़नी चाहिए।
खबरों के अनुसार बिश्नोई ने कहा कि राजस्थान की राजनीति हमेशा संस्कार, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रही है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिछले करीब ढाई वर्षों से दिन-रात प्रदेश को विकसित राजस्थान बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ऐसे में उनके लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना गलत संदेश देता है। इस तरह की बयानबाजी केवल टीआरपी और सुर्खियां बटोरने के लिए की जा रही है।
pc- ndtv raj





