Rajasthan: राहुल गांधी 17 जून को कोटा में छात्रों से करेंगे मुलाकात, गहलोत ने कहा भाजपा छात्रों को रोक रही
- byShiv
- 16 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी बुधवार को कोटा पहुंच रहे है। यहां राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन खड़े करने की तैयारी में है। वो यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में बड़ी सभाएं कर पेपर लीक, बेरोजगारी, एडमिशन जैसी समस्याओं पर छात्रों के बीच जाएंगे। इसकी शुरुआत राहुल गांधी 17 जून को देश में कोचिंग के सबसे बड़े हब कोटा से कर रहे हैं।
ट्रेन से आ रहे
खबरों की माने तो राहुल गांधी आम आदमी की तरह दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जन शताब्दी एक्सप्रेस में बैठकर राजस्थान के कोटा शहर पहुंचेंगे और छात्रों से रूबरू होंगे। कांग्रेस ने इस अभियान को छात्रों की गूंज नाम दिया है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई भी नेता मंच से भाषण नहीं देगा। राहुल गांधी खुद शाम 5.00 बजे से रात 9.30 बजे तक पूरी तरह से छात्रों के बीच मौजूद रहेंगे। वह एक-एक करके नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से बात करेंगे।
छात्रों को रोकने की कोशिश का आरोप
लेकिन राहुल गांधी के इस दौरे से ठीक पहले राजस्थान की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है कि वह छात्रों को राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से रोकने की कोशिश कर रही है। गहलोत के मुताबिक, कोटा के सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय से जुड़े लोग कोचिंग सेंटरों, पेइंग गेस्ट और गेस्ट हाउस संचालकों पर दबाव बना रहे हैं।
pc- navjivanindia.com






