Ram Navami 2026: अयोध्या में आज मनाई जा रही रामनवमी, रामलला का होगा सूर्य तिलक
- byShiv
- 27 Mar, 2026
इंटरनेट डेस्क। देश कई राज्यों में आज भी रामनवमी का त्योहार मनाया जा रहा है। बता दें कि गुरूवार को भी अष्ठमी और नवमी एक साथ होने के कारण लोगों ने रामनवमी कल भी मनाई थी। रामनवमी हिंदू धर्म के प्रमुख पर्व में से एक है। इसे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। यह दिन चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन आता है और पूरे देश में बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।
जाने तिथि के बारे में
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार नवमी तिथि की शुरुआत 26 मार्च की सुबह 11.48 बजे से हुई और 27 मार्च को सुबह 10.06 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के अनुसार, आज यानी 27 मार्च 2026 को भी रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है। श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में भी आज यानी 27 मार्च को राम लला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
सूर्य तिलक होगा
राम नवमी के पावन मौके पर अयोध्या के राम मंदिर में भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस खास अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। राम जन्मभूमि परिसर में सुबह से ही कई अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। राम नवमी की विशेष पूजा सुबह मंगला आरती से हुई। ब्रह्ममुहूर्त में राम लला के पट खुलने के बाद अभिषेक करवाया गया, जिसमें रामलला को पंचगव्य, सरयू जल और सुगंधित चीजों से स्नान कराया गया। इसके बाद उनका विशेष शृंगार किया गया और बाद में कपूर आरती की गई। इस पावन अवसर का सबसे बड़ा आकर्षण दोपहर 12 बजे रामलला का सूर्य तिलक होगा। ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें दर्पण और लेंस की मदद से रामलला के माथे पर पड़ेंगी। यह दिव्य दृश्य करीब 4 मिनट तक रहेगा।
pc- aaj tak





