Sreesanth:आईपीएल थप्पड़कांड, श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर बोला हमला, कहा, इससे उन्होंने एक करोड़ कमाएं, कोई रिश्ता नहीं...
- byShiv
- 25 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। साल 2008 के ‘स्लैपगेट’ विवाद का भूत एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग में आ गया है। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने हरभजन सिंह पर हमला बोला है और आरोप लगाया है कि पूर्व ऑफ स्पिनर ने उस घटना से फायदा उठाया, जिसने टूर्नामेंट के पहले सीजन को विवादों में डाल दिया था। करीब दो दशक बाद ‘स्लैपगेट’ घटना के बाद श्रीसंत ने हाल ही में एक विज्ञापन को लेकर हरभजन सिंह की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है।
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि समय के साथ तनाव कम हो गया था, लेकिन उस घटना को व्यावसायिक रूप में बदलने के फैसले ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी। यह विवाद 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान हुआ था। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। हाल ही में श्रीसंत ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात असली घटना नहीं, बल्कि उसका व्यावसायिक इस्तेमाल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस विज्ञापन से काफी कमाई हुई और उन्हें सोशल मीडिया पर उसे प्रमोट करने के लिए कहा गया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। श्रीसंत ने मलयालम न्यूज पोर्टल ‘मातृभूमि’ से कहा, “मैंने कभी किसी इंटरव्यू में भज्जी के बारे में बात नहीं की, यह पहली बार है।
उन्होंने आगे कहा, “हाल तक कोई समस्या नहीं थी, लेकिन उसने फिर से उस घटना पर एक विज्ञापन बना दिया। उसने उससे करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये कमाए। उसने मुझे कॉल किया और कहा कि मैं उस पर एक स्टोरी डालूं, मैंने उसे कहा, ‘मैं माफ कर सकता हूं, लेकिन कभी भूल नहीं सकता’। श्रीसंत ने अपने और हरभजन के रिश्ते पर भी बात की और साफ कर दिया कि अब उनके बीच कोई मेल-मिलाप नहीं है।






