Weather Update: राजस्थान में बारिश के साथ ओलावृष्टि, आज और कल भी बारिश का अलर्ट, तापमान में आई गिरावट
- byShiv
- 21 Mar, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में दो दिनों से जारी पश्चिमी विक्षोभ से गर्मी का असर तो कम हो गया, लेकिन खेतों में पककर खड़ी फसले खराब हो गई। दो दिनों से प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। जिसके कारण फसलों को नुकसान हुआ है। हालांकि इस विक्षोभ के असर से मार्च में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। दो दिनों से लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी राजधानी जयपुर, कोटा, भरतपुर, सीकर सहित कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के समाचार हैं।
मौसम विभाग ने जताई संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर 21 और 22 मार्च को पूर्वाेत्तर और पश्चिम के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। राजस्थान में हुई बेमौसमी बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
गर्मी में सर्दी का अहसास
बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश जिलों में एक दिन में 4 से 5 डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट आई, इसमें सर्वाधिक गिरावट करौली (8.3 डिग्री) और चित्तौड़गढ़ (6.8 डिग्री) में रही। राजधानी जयपुर में भी अधिकतम पारा 4.1 डिग्री गिरकर 26.0 डिग्री पर पहुंच गया वहीं न्यूनतम तापमान भी 5.3 गिरकर 16.1 डिग्री पर पहुंच गया। उधर मार्च में रहने वाले सामान्य तापमान में भी अधिकतम जिलों में 5-7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पाली में सर्वाधिक 36, बीकानेर जिले के नोखा में 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक, 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का मुख्य प्रभाव उत्तर-पूर्वी राजस्थान में देखने को मिला। इसके अलावा एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
pc- news18 hindi





