Weather update: राजस्थान के फतेहपुर में पारा पहुंचा 4.8 डिग्री, सर्दी से कांपे लोग, शीतलहर का अलर्ट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में सर्दी का असर और तेज हो चला हैं, आज सुबह भी लोगों को गलन वाली सर्दी का अहसास हुआ। बर्फीली हवाएं मौसम को अपने आगोश में ले रही है और एक यही कारण हैं की प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर चलने लगी है जिसकी वजह से प्रदेश के कई शहरों में सर्दी का असर तेजी से बढ़ गया है। दिन और रात के तापमान में अचानक गिरावट हुई और लोग सर्दी से कांपने लगे हैं।

इन शहरों में ज्यादा बढ़ सर्दी
मौसम विभाग की रिपोर्ट की माने तो तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। सीकर, झुंझुनूं और टोंक में चल रही शीतलहर की वजह प्रदेश के कई शहर ठंड की चपेट में आ गए हैं। राज्य के कई जिलों के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। शेखावाटी के फतेहपुर का तापमान डाउन होकर शनिवार सुबह 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। साथ ही नागौर में भी शीतलहर के चलते तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सर्द हवाओं के कारण ना केवल फतेहपुर और नागौर बल्कि कई शहरों लोगों को सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है।

दिन और रात का तापमान गिर रहा
मौसम विभाग की माने तो सर्द हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आने से कई शहरों का तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। झुंझुनूं के पिलानी का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अजमेर का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उधर टोंक के वनस्थली में भी रात्रि का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। राजधानी जयपुर का तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

pc- naidunia.com