Weather Update: राजस्थान में आज से फिर बदलेगा मौसम, आंधी के साथ में बारिश का अलर्ट, गिर सकते हैं ओले भी
- byShiv
- 03 Jun, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में लोगों को अभी गर्मी से राहत मिली हुई है। दो तीन दिनों से लगातार बदले मौसम के कारण तापमान में भी गिरावट आई हैं और हीट वेव परेशान नहीं कर रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने एक बार फिर से अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के कई जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जून को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक नया परिसंचरण तंत्र सक्रिय हो रहा है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है और अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के प्रभाव से धूलभरी आंधी, बिजली गिरने और बारिश की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। जयपुर सहित अजमेर संभाग के जिलों में दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है। कई क्षेत्रों में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बदलाव के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में छिटपुट ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है।
pc- aaj tak






