Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम, कई जिलों में आज भी आंधी बारिश का अलर्ट
- byShiv
- 30 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच लोगों को थोड़ी राहत मिली है। शुक्रवार को बदले मौसम के कारण शाम होते होते प्रदेश के कई जिलों में अंधड़ के साथ बारिश का दौर देखने को मिला। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली जिसके बाद तापमान में गिरावट आ गई। बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की माने तो 2 से 3 दिन अभी मौसम ऐसा ही रहेगा।
आज भी अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 1 जून तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, करौली, चूरू, हनुमानगढ़ और बीकानेर सहित कई क्षेत्रों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
यहां हुई ज्यादा बारिश
मौसम विभाग की माने तो सबसे अधिक बारिश झुंझुनूं जिले के मलसीसर में दर्ज की गई, जहां करीब 43 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा कोटपूतली, नीमराणा, पिलानी, खेतड़ी, चिड़ावा, पाटन और बानसूर समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना रहेगा। शुक्रवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू में भी तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा।
pc- dailyhunt.in






