Weather Update: राजस्थान में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी, फतेहपुर में तापमान पहुंचा 1.1 डिग्री, पड़ रही कड़ाके की ठंड
- byShiv
- 05 Jan, 2026
इंटरनेट डेस्क। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर राजस्थान में भी दिखाई दे रहा है। राजधानी जयपुर सहित आज प्रदेश के कई जिलों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार और आज कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता बाधित रही। सुबह के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। जिसमें सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सिरोही, पाली और चूरू में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलर्ट किया गया जारी
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, पाली, नागौर, सीकर और झुंझुनू,अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, जयपुर (ग्रामीण), टोंक, भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ में कोल्डवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग की माने तो पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और राज्य के कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर शीत दिवस और शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की माने तो एक हफ़्ते की मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, 5 से 9 जनवरी तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में शीतलहर से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। 5 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
pc- khabaruttarakhand.com






