Rajasthan: रामपुरा-कंवरपुरा में सीजेपी के अल्टीमेटम के बाद 1 सितंबर से होगा स्कूल निर्माण कार्य शुरू, सरकार ने उठाया कदम
- byShiv
- 24 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में स्कूल केे तबेले में चलने के मामले में सीजेपी और ग्रामीणों के बवाल के बाद सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1 सितंबर से रामपुरा स्कूल के लिए नए भवन के निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दिए हैं, स्कूल के लिए विधायक कोटे और डीएमएफटी फंड से कुल 18 लाख रुपये पहले ही मंजूर किए जा चुके हैं। सरकार के इस फैसले के बाद सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इसे अपनी कॉकरोच जनता पार्टी की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि जब तक उन पर हमला करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
स्कूल निर्माण होगा शुरू
दरअसल, शुक्रवार को आशुतोष रांका और सीजेपी कार्यकर्ताओं के जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में स्कूल विजिट के दौरान हंगामा हुआ। गांव में स्कूल देखने जा रहे सीजेपी कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों ने रोका। इस दौरान कुछ लोगों पथराव किया, कई गाड़ियों के शीशे भी टूटे, कई लोगों के साथ मारपीट भी हुई। घटना के बाद सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि ये सब भाजपा के लोगों ने करवाया है। 48 घंटे में सरकार स्कूल बनाने का काम शुरू नहीं करती है और कोई एक्शन नहीं लेती है तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। इसी बीच राज्य सरकार ने आदेश जारी कर जानकारी दी कि 1 सितंबर से स्कूल में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
आशुतोष रांका इस बात पर अड़े
सरकार के इस फैसले पर आशुतोष रांका ने प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह कॉकरोच जनता पार्टी की बड़ी जीत है, भैंसों के तबेले में चल रहे रामपुरा के स्कूल का नए सिरे से निर्माण है, भजनलाल जी को सिर्फ यह कहना चाहूंगा कि यह काम आप पहले भी कर सकते थे, जो हिंसा कराई गई, उसकी ज़रूरत नहीं थी, लेकिन जब तक हिंसा फैलाने वालो को गिरफ़्तार नहीं किया जाता, तब तक हम पीछे हटने वाले नहीं है।
pc- firstindianews






