West Bengal: संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान तेज, एक सप्ताह में बने 11 होल्डिंग सेंटर, 386 लोगों को रखा गया

इंटरनेट डेस्क। पश्चिम बंगाल में संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। राज्यभर में बनाए गए होल्डिंग सेंटरों की संख्या एक सप्ताह के भीतर बढ़कर 11 हो गई है। इन केंद्रों में फिलहाल करीब 386 संदिग्ध अवैध प्रवासियों को रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि बिना वैध दस्तावेजों के सीमा पार आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सबसे अधिक हिरासत में लिए गए लोग उत्तरी 24 परगना जिले के बसीरहाट पुलिस क्षेत्र में रखे गए हैं।

कहां-कहां बनाए गए होल्डिंग सेंटर
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पिछले मंगलवार को टेटुलिया, चारघाट और मीडिया इलाके में तीन नए होल्डिंग सेंटर शुरू किए गए। सूत्रों के अनुसार, इन तीनों केंद्रों में कुल 335 लोगों को रखा गया है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें स्वरूपनगर के हकीमपुर सीमा चौकी के पास पकड़ा गया था, जब वे कथित रूप से बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे थे।

बांग्लादेश सीमा से सटे हुए बसीरहाट और बनगांव पुलिस जिले संयुक्त रूप से पांच होल्डिंग सेंटरों का संचालन कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में रखे गए लोगों को भोजन, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही उनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए अधिकांश लोग पांच से दस वर्ष पहले अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर चुके थे।  खबरों के अनुसार इन लोगों की जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कई लोगों ने कथित रूप से रिश्वत देकर भारतीय पहचान दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवा लिए थे। हालांकि, जब ये लोग सीमा पार करने की कोशिश में पकड़े गए, तब उनके पास मुख्य रूप से बांग्लादेश द्वारा जारी पहचान पत्र ही पाए गए। सुरक्षा एजेंसियां अब इन मामलों की गहन जांच कर रही हैं।

pc- financialexpress.com, hindustan