India-EU trade deal: मदर ऑफ ऑल डील्स के बहुत करीब भारत और ईयू, 2 अरब लोगों के लिए बनेगा...

इंटरनेट डेस्क। भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच होने वाली ट्रेड डील पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। दोनों देश इस ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते  को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं। इस समझौते की औपचारिक घोषणा 27 जनवरी को होने की पूरी उम्मीद है। मीडिया रिपोटर्स की माने तो यह घोषणा गणतंत्र दिवस समारोह के ठीक एक दिन बाद होगी, जिसमें ईयू के शीर्ष नेता मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने क्या कहा
खबरों की माने तो यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने कहा है कि ईयू भारत के साथ एक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे सभी सौदों का बाप यानी मदर ऑफ ऑल डील्स कह रहे हैं। यह बात उन्होंने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूरोप दुनिया के साथ व्यापार और सहयोग बढ़ाना चाहता है।

समझौता बनाएगा बड़ा बाजार
जानकारी के अनुसार वॉन डेर लेयन ने भारत के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते के बड़े पैमाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा समझौता होगा जो 2 अरब लोगों के लिए एक बाजार बनाएगा, जो वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग एक चौथाई हिस्सा है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वह अगले वीकेंड भारत की यात्रा करेंगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य प्रस्तावित व्यापार समझौते पर चल रहे काम को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यूरोप और भारत के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग को गहरा करने के लिए महत्वपूर्ण काम किया जाना है।

pc- moneycontrol.com