Jaipur: हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया हत्या मामला, कांग्रेस ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
- byShiv
- 13 Nov, 2026
इंटरनेट डेस्क। जयपुर में बुधवार रात करधनी थाना इलाकें में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सरेआम हत्या के बाद राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। इस घटना के बाद अब विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने इस वारदात को लेकर भजनलाल शर्मा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर सवाल उठाए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान अपराध के मामले में नंबर-1 होता जा रहा है और अपराधों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है।
खाचरियावास ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में जिस तरह सरेआम हिस्ट्रीशीटर का कत्ल किया गया, वह सरकार के लिए सीधी चुनौती है। इससे साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इस मामले में सामने आकर जवाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए।
खबरों की माने तो कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है, ऐसे में प्रदेश की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सीधे उन्हीं की बनती है। सरकार सिर्फ आंकड़े दुरुस्त करने में लगी है, जबकि जमीन पर कोई काम नजर नहीं आ रहा। खाचरियावास ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और मुख्यमंत्री ने जवाब नहीं दिया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
pc- ndtv raj






