Jammu & Kashmir: ऊधमपुर में सुरक्षा बल और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़, 2-3 आंतकियों के मारे जाने की खबर
- byShiv
- 17 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। जम्मू-कश्मीर में ऊधमपुर जिले के पहाड़ी क्षेत्र मजालता में बुधवार रात सुरक्षा बल और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ की खबर सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, आतंकियों की ओर से गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने भी सात से आठ राकेट दागे और ड्रोन से भी निगरानी की गई। सुरक्षाबल की इस कार्रवाई में दो से तीन आतंकी ढेर हो सकते हैं, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
फिलहाल, सुरक्षाबल ने क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है। अंतिम सूचना मिलने तक गोलीबारी थमी हुई थी। अभी दिन की शुरूआत के साथ ही अभियान आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल, सुरक्षाबल की अतिरिक्त टुकड़ियां मुठभेड़स्थल की ओर रवाना कर दी गई हैं और सुरक्षाबल के उच्चाधिकारी पूरी घटना पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बल को पिछले कुछ समय से मजालता के खुबन इलाके में सात से आठ आतंकियों की मौजूदगी को लेकर अपुष्ट सूचनाएं मिल रही थीं। इसके चलते क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। बुधवार देर शाम को मजालता तहसील मुख्यालय से रामकोट के बिलावर मार्ग पर खुबन इलाके में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बल ने घेराबंदी शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, अभियान में पुलिस, स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) सहित अन्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से शामिल हुए। बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे घेराबंदी के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकियों का आमना-सामना हुआ। इसके बाद दोनों ओर से तीव्र गोलीबारी हुई। सुरक्षा बल की तरफ से राकेट दागे जाने की आवाज दूर तक सुनाई दी। माना जा रहा है कि दो से तीन आतंकी मारे गए हो सकते हैं।
pc- amar ujala




