Meenakshi Natarajan: कांग्रेस ने राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द को बताया सीट चोरी, भाजपा पर लगाया ये आरोप

इंटरनेट डेस्क। मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मंगलवार को सियासी विवाद बढ़ गया।  इस फैसले के विरोध में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नई दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए भाजपा पर राजनीतिक साजिश का और सीट चोरी का आरोप लगाया।

क्या बोले कांग्रेस नेता
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल और सचिन पायलट निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जयराम रमेश को आयोग कार्यालय परिसर में प्रवेश से रोके जाने की तस्वीरें भी सामने आईं। आयोग जाने से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, लोकतंत्र की हत्या कर दी गई है, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट कर रही है।

क्या आरोप लगाया
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब वोट चोरी से आगे बढ़कर सीट चोरी तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर मध्य प्रदेश में राज्यसभा की सीट चोरी करने का आरोप लगाया। बता दें कि मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था, लेकिन चुनावी हलफनामे में गड़बड़ी के चलते उनका नामांकन मंगलवार शाम रद्द कर दिया गया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया। मध्य प्रदेश विधानसभा के एक अधिकारी के मुताबिक, नामांकन इस आधार पर रद्द किया गया कि कांग्रेस उम्मीदवार ने अपने चुनावी हलफनामे में एक कानूनी मामले की जानकारी कथित तौर पर छिपाई थी। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार महेश केवट की ओर से यह आपत्ति दर्ज कराई गई थी।

pc- aaj tak