Monsoon Session 2026: 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा मानसून सत्र, सरकार ला सकती हैं ये बिल
- byShiv
- 17 Jul, 2026
इंटरनेट डेस्क। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। हालांकि, उससे पहले दिल्ली में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। पक्ष से लेकर विपक्ष तक में बैठकों का दौर जारी है। आने वाले विधेयकों पर रणनीति बनाई जा रही है और सर्वदलीय बैठक बुलाने की भी मांग हो रही है। विपक्ष जहां बेरोजगारी, महंगाई और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है तो सरकार अपने अहम विधेयकों को पास कराने की रणनीति बना रही है।
इसे लेकर आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर बैठक भी है। इस बीच उन विधेयकों की लिस्ट सामने आ गई है जो सरकार इस बार मॉनसून सत्र में पेश कर सकती है।
कौन से बिल पेश हो सकते हैं?
1. इनकम-टैक्स (संशोधन) बिल, 2026 (एक अध्यादेश की जगह लेने के लिए)
2. सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन बिल, 2026 (एक अध्यादेश की जगह लेने के लिए)
3. जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026
4. राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) बिल, 2026
5. सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) बिल, 2026
सरकार की तरफ से जारी लिस्ट में भले ही डीलिमिटेशन या परिसीमन बिल और वन नेशन वन इलेक्शन बिल का जिक्र नहीं है लेकिन विपक्षी खेमे में चर्चा सिर्फ इन्हीं दो बिलों की हो रही है। विपक्ष को लगता है कि सरकार इन दोनों बिलों को लेकर तेजी से बढ़ रही है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि परिसीमन बिल का विरोध करेगी।
pc- dailypioneer.com






