Rajasthan: अहमदाबाद में होगा एआईसीसी का सत्र, 1700 से अधिक कार्यकर्ता होंगे शामिल, पायलट ने कहा युवा नेता निभा रहे....

इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस का आने वाले दिनों में अहमदाबाद में एआईसीसी सत्र होने वाला हैं और ऐसे में तैयारियां भी शुरू हो चुकी है। इसके पहले कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव की प्रक्रिया चल रही है और युवा नेता अपने ऊपर सौंपी गई जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं। एक एजेंसी से बातचीत में पायलट ने कहा कि गुजरात में हो रहा एआईसीसी सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी इस समय राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने और अपने पुराने गौरव को पुनर्स्थापित करने के प्रयासों में जुटी है।

बदलाव को लेकर क्या कहा
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा- कोई भी बदलाव रातोंरात नहीं होता, यह एक निरंतर प्रक्रिया है। पार्टी पिछड़े वर्गों, युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अल्पसंख्यकों को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। ये वर्ग हमारी आबादी का बड़ा हिस्सा है और उनका समुचित प्रतिनिधित्व अत्यंत आवश्यक है।

अहमदाबाद में होगा सत्र
मीडिया रिपोटर्स की माने तो पायलट ने कहा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के कामकाज, विभागों और फ्रंटल संगठनों जैसे आईवाईसी, एनएसयूआई, सेवा दल और महिला कांग्रेस में सक्रिय रूप से रुचि ले रहे हैं। एआईसीसी सत्र को लेकर पायलट ने कहा कि यह लंबे अंतराल के बाद हो रहा है और बेहद महत्वपूर्ण है। राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि हम गुजरात पर विशेष ध्यान देंगे। अतीत में यह कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। गौरतलब है कि अहमदाबाद में होने वाला एआईसीसी सत्र 9 अप्रैल को आयोजित होगा और अधिवेशन में 1,700 से अधिक एआईसीसी सदस्य भाग लेंगे।

pc- news18