Rajasthan: पंचायत चुनावों के लिए भाजपा ने जारी किया घोषणा पत्र, किसानों को सालाना मिलेंगे 12,000 हजार

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। इस जीत के बाद अब प्रदेश में पंचायत चुनाव होने जा रहे है। ऐसे में भाजपा ने पंचायत चुनावों के लिए घोषणा पत्र जारी कर दिया है। राजस्थान में 22 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों पंचायत चुनाव होना है। ऐसे में भाजपा ने ग्राम विकास संकल्प पत्र में बेघरों के लिए पक्का मकान, गांव में ओपन जिम, पंचायत स्तर पर विकास के लिए हर साल एक करोड़ रुपए के फंड सहित कई बड़े वादे किए है। यह पहला मौका है जब पंचायत चुनाव के लिए बीजेपी ने घोषणा पत्र जारी किया हो।

कर दी ये बड़ी घोषणाएं
इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 12,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने, अगले पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने और हर पंचायत में उच्च माध्यमिक विद्यालय की सुविधा सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में सभी जिलों में कृषि कार्यों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने, प्रत्येक ग्रामीण परिवार को पेयजल कनेक्शन देने और हर ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का वादा किया गया।

भाजपा ने गेहूं को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बोनस के साथ 2,700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने तथा चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक ग्राम पंचायत में कृषि उपकरण किराये पर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। पार्टी ने 19,000 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण पर 9,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3,000 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराने का भी वादा किया।

pc- x.com