Rajasthan: नगर निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणा पत्र, किए जनता से ये वादे

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में हो रहे निकाय चुनावों के लिए भाजपा के घोषणा पत्र जारी करने के बाद अब कांग्रेस ने भी अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के 10 बड़े संकल्प गिनाए। इनमें घरों से मुफ्त कचरा उठाने, यूडी टैक्स की नए सिरे से समीक्षा, सफाई कर्मियों की भर्ती, सीवरेज और एसटीपी की व्यवस्था, मास्टर प्लान तैयार करने से लेकर नगर निकायों के कामकाज में पारदर्शिता लाने की घोषणा की है। 

क्या कहा डोटासरा ने 
मीडिया रिपोटर्स की माने तो डोटासरा ने कहा है कि सभी कामों और उनकी प्रगति का पूरा ब्यौरा वेबसाइट पर लगातार अपडेट किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के संकल्प गिनाने के साथ ही बीजेपी के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए उस पर सियासी निशाना साधा और बीजेपी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

क्या वादे किए कांग्रेस ने
डोटासरा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस बोर्ड बनाकर स्थानीय सरकारों के जरिए सुशासन देने का काम करेगी। कांग्रेस के संकल्पों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तर्ज पर पट्टा वितरण और कच्ची बस्तियों के नियमन, यूडी टैक्स को जनहित में तर्कसंगत बनाने, सीसी रोड और जल निकासी की समस्या दूर करने को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। सफाई कर्मियों की लंबित भर्ती पूरी करने और जरूरत के अनुसार हर साल नई भर्तियां निकालने का भी वादा किया गया है।  घर-घर मुफ्त कचरा संग्रहण और उसकी रोजाना मॉनिटरिंग होगी। जहां सीवरेज लाइन नहीं है, वहां नई लाइन बिछाई जाएगी और जरूरत के मुताबिक एसटीपी बनाए जाएंगे।

pc- swarajyamag.com, deccanherald.com,