Rajasthan: डोटासरा ने कहा, निकाय चुनावों में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा कर रही सत्ता का खुला दुरुपयोग

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर से नगर निकाय चुनावों में बोर्ड बनाने को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि नगर निकाय चुनावों में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा पूरी तरह बौखला गई है। लोकतंत्र को कुचलने के लिए सत्ता का खुला दुरूपयोग हो रहा है। डेगाना में भाजपा प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र में तथ्य छिपाने के खिलाफ कांग्रेस की आपत्तियों पर निष्पक्ष सुनवाई की मांग को लेकर जारी धरने पर लाठीचार्ज निंदनीय है। 

मीडिया रिपोटर्स की माने तो डोटासरा ने कहा कि मांढ़ण में निर्वाचित पार्षदों को शपथ लेने से रोका जा रहा है, लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है। उधर खंडार में पार्षद मानवेंद्र को भाजपा द्वारा जबरन ले जाने के खिलाफ उनका परिवार दो दिन से उनकी रिहाई की गुहार लगा रहा है। 

डोटासरा ने कहा कि एक के बाद एक ये घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।  भाजपा को जनादेश स्वीकार कर लोकतंत्र से खिलवाड़ बंद करना चाहिए। इससे पहले एक पोस्ट के माध्यम से डोटासरा ने कहा कि अजमेर में भाजपा की जनादेश लूटने की कोशिश नाकाम हो गई, ये भाजपाई षड्यंत्र को करारा जवाब है। मेयर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के नामांकन पर भाजपा ने आपत्ति लगाकर सत्ता हथियाने की कुचेष्टा की, लेकिन दस्तावेजों की जांच के बाद भाजपा की आपत्ति खारिज हो गई।

pc- abp news