Rajasthan: गहलोत का बड़ा बयान, चुनाव आयोग की भूमिका पर उठ रहे सवालों ने लोकतंत्र की बुनियाद को हिला दिया

इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली को लेकर रविवार को जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में एआईसीसी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक भी आयोजित की गई।

महारैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी शामिल हुए। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली यह रैली जनता के वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। मैं राजस्थान के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, साथियों और जागरूक नागरिकों से अपील करता हूं कि बड़ी संख्या में पहुंचकर इस लड़ाई को मज़बूत करें।   

गहलोत ने इससे पहले कहा था कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान का महत्त्वपूर्ण पड़ाव है। वोट चोरी, मतदाता सूची से नाम कटने और चुनाव आयोग की भूमिका पर उठ रहे सवालों ने लोकतंत्र की बुनियाद को हिला दिया है। जनता के वोट के अधिकार की रक्षा आज सबसे बड़ी लड़ाई है।

pc- aaj tak