Rinku Singh: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को यूपी सरकार ने दी गर्वमेंट जॉब, बने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी

इंटरनेट डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह को यूपी सरकार ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को खेल कोटे के तहत रिंकू का नियुक्ति पत्र जारी किया हालांकि, वह अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

खेल विभाग के निदेशक डॉ. आर. पी. सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रिंकू सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी फ्रेंचाइजी से जुड़े कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रिंकू ने जल्द ही लखनऊ आकर खेल निदेशालय में कार्यभार ग्रहण करने की बात कही है। 

खेल निदेशक के अनुसार, रिंकू को उनकी योग्यता के अनुरूप कार्यक्षेत्र दिया जाएगा ताकि वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपनी सेवाएं जारी रखते हुए अपने प्रशासनिक दायित्व भी निभा सकें। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

pc- aaj tak