Sharad Kapoor: निजी जिंदगी, खराब सेहत के बीच शरद कपूर से मिले सोनू सूद, दवाईयों से लेकर नए प्रोजेक्ट में काम तक पर हुई....

इंटरनेट डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी, खराब सेहत और काम की कमी को लेकर परेशान है। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह काफी कमजोर और भावुक नजर आए थे। इसके बाद शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से काम और सहयोग की अपील की थी।

अब अभिनेता की मदद के लिए बॉलीवुड से एक और बड़ा नाम सामने आया है। अभिनेता और निर्माता सोनू सूद ने शरद कपूर से मुलाकात की है। दोनों की मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोनू ने न सिर्फ शरद की सेहत से जुड़ी जरूरतों का ध्यान रखा है, बल्कि उनके साथ किसी संभावित प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत की है।

द फ्री प्रेस जर्नल की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक शरद कपूर का मदद मांगता वीडियो सामने आने के बाद सोनू सूद ने उनसे मिलने का फैसला किया था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि सोनू शरद से मिलकर उनके साथ किसी संभावित प्रोजेक्ट पर चर्चा करेंगे। अब सोमवार को सोनू सूद मुंबई के बांद्रा इलाके में शरद कपूर से मिलने पहुंचे। इस दौरान दोनों ने काफी देर तक बातचीत की। उनकी मुलाकात के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सोनू सूद के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सोनू सूद ने शरद के लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई की व्यवस्था भी की है। हालांकि दोनों के बीच संभावित प्रोजेक्ट को लेकर क्या बातचीत हुई और शरद को किस तरह का काम मिल सकता है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

pc- indiatv.in