Team India: टीम इंडिया को बड़ा झटका, लंबे समय तक बाहर रह सकते हैं आकाश दीप और हर्षित राणा
- byShiv
- 02 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रह सकते है। आईपीएल की समाप्ति के बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद टीम इंडिया को व्हाइट बॉल दौरे के लिए इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा करना है।
दरअसल, आने वाले समय में भारतीय टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के अलावा इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे से भी आकाश दीप और हर्षित राणा बाहर हो सकते हैं। भारत के लिए ये बड़ा झटका है क्योंकि ये दोनों गेंदबाज पिछले कुछ समय से टीम के लिए लगातार खेल रहे हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, आकाश दीप और हर्षित राणा रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्हें मैच फिटनेस हासिल करने में अभी समय लगेगा। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच और इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे से पहले दोनों के फिट होने की संभावना नहीं है। वे अभी फिलहाल एक्सरसाइज कर रहे हैं। इसके बाद जॉगिंग, रनिंग, स्प्रिंट और फिर रिटर्न टू प्ले से संबंधित प्रैक्टिस शुरू होगी।
pc- news9live.com






