इंटरनेट डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी बढ़ी हुई है। दोनों पक्षों ने बातचीत पर सहमति जताई है। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के जख्मों को कुरेदने का काम किया है जिससे ईरान भड़क सकता है।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो ट्रंप ने एक बयान में ईरान के परमाणु ठिकानों पर जून 2025 में किए गए अमेरिकी हमलों का जिक्र करते हुए कहा है कि जिनेवा में होने वाली बैठक में ईरान से समझदारी की उम्मीद है। ट्रंप ने सोमवार को अपने बयान में यह भी कहा कि वह अमेरिका और ईरान के बीच मंगलवार को जिनेवा में होने वाली उच्च स्तरीय परमाणु वार्ता में अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहेंगे।
ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में कहा, मैं इन वार्ताओं में अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहूंगा और ये बेहद महत्वपूर्ण होंगी। मुझे उम्मीद है कि वे ज्यादा तर्कसंगत बात करेंगें। वहीं समझौते की संभावनाओं पर ट्रंप ने कहा कि ईरान पहले कड़ा रुख अपनाता रहा है, लेकिन पिछले साल अमेरिकी हमलों से उसने सबक लिया है और अब वार्ता के लिए अधिक इच्छुक है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि वे समझौता न करने के परिणाम चाहते हैं।
pc- ddnews.gov.in






