Weather Update: राजस्थान में आज से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव, 28 मार्च से शुरू होगा आंधी बारिश का दौर, गर्मी से लोेगों को राहत
- byShiv
- 26 Mar, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं और उनके असर से प्रदेश में आंधी बारिश का दौर भी जारी है। इस बारिश के कारण लोगों को मार्च में ही पड़ रही मई जैसी गर्मी से राहत मिली है। मार्च में ही लोगों को हीटवेव का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन 15 मार्च के आसपास आए एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का रुख बदल दिया। इसके असर से राजस्थान में लगातार तापमान नीचे आ रहा है। हालांकि किसानों के लिए परेशानी हो रही है।
बाड़मेर में बढ़ रहा तापमान
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार सुबह तक पिछले चौबीस घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में आगामी दो-तीन दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 26-27 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।
नया विक्षोभ होगा एक्टिव
वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28-30 मार्च को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होगा। इसके तहत 28 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है, जबकि इस विक्षोभ का सबसे अधिक असर 29-30 मार्च को रहेगा और जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
pc- news18





