Weather Update: राजस्थान में शीतलहर का असर, कई जिलों में तापमान पहुंचा 6 डिग्री के नीचे, बढ़ेगी सर्दी
- byShiv
- 17 Nov, 2025
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में चल रही उत्तर दिशा की बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। पिछले पांच छह दिन से शेखावाटी सहित आसपास के कई जिलों में ठंड का असर ज्यादा है। कई जिलों में शीतलहर का असर भी दिखाई दे रहा है। रविवार को फतेहपुर की रात सबसे ठंडी रही। फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नागौर का न्यूनतम तापमान भी शेखावाटी से भी नीचे पहुंच गया। रविवार को नागौर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चल रही शीतलहर
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान के चार जिलों में शीतलहर चल रही है। इसी कारण आसपास के अन्य जिलों के तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि नागौर, सीकर, चूरू और झुंझुनूं में शीतलहर चल रही है जो कि अगले दो दिन तक जारी रहने की संभावना है।
शीतलहर से बढ़ी ठंड
बता दें कि शीतलहर की वजह से ही ठंड का असर बढा है। रविवार को प्रदेश के 16 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इनमें नागौर और सीकर के अलावा दौसा, लूणकरणसर, करौली, अंता बारां, जालोर, चित्तौड़गढ़, डबोक, पिलानी, फतेहपुर भीलवाड़ा, अलवर, वनस्थली, चूरू और जोधपुर शहर शामिल है।
pc- hindustan






