Weather Update: राजस्थान में आज भारी बारिश का अलर्ट, 10 अगस्त तक यहीं रहेगी स्थिति, राजधानी में मौसम हुआ सुहाना
- byShiv
- 08 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, 8 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। 8 से 10 अगस्त के बीच भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की भी प्रबल संभावना है।
आज यहां हो सकती हैं अधिक बारिश
मौसम विभाग की माने तो 8 अगस्त को राजस्थान के मेवाड़ और हाड़ौती क्षेत्र में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, राजसमंद, सलूम्बर और उदयपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, जालौर, जोधपुर और पाली में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अलर्ट जारी
इसके साथ ही मौसम विभाग ने अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बालोतरा, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है।
pc- dd news





