Weather Update: राजस्थान में कई जगहों पर बरसे मेघ, आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में बारिश का दौर जारी है, हालांकि कुछ एक जगहों पर ही भारी बारिश देखने को मिल रही है, बाकी अन्य जगहों पर हल्की बारिश का दौर जारी है। जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है, मौसम विभाग ने 23 से 27 जुलाई के बीच 40 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

यहां हुई बारिश
मौसम विभाग की माने तो बीते 24 घंटों में बारां, बूंदी, दौसा, झालावाड़, कोटा, पाली, राजसमंद और टोंक जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। बारां जिले के छीपाबड़ौद में सबसे अधिक 139 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा भीलवाड़ा के आसींद में भी अच्छी बारिश देखने को मिली, टोंक, अजमेर और उदयपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। भीलवाड़ा के आसींद में करीब 150 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से नेखाड़ी नदी उफान पर आ गई। अजमेर शहर में करीब 39.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सीकर में कई सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा।

हो सकती हैं भारी बारिश
जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने बांसवाड़ा और झालावाड़ में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर और उदयपुर में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अजमेर, ब्यावर, जयपुर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश हो सकती है।

pc- ndtv raj