Weather update: राजस्थान में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड, फतेहपुर में पारा पहुंचा 1.9 डिग्री पर, चलेगी शीतलहर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठंडा कर दिया है। प्रदेश में लगातार तापमान में गिरावट और उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण राजस्थान में तापमान तेजी से गिर रहा है और सर्दी बढ़ रही है। सीकर, चूरू और जयपुर सहित कई शहरों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। सीकर में शुक्रवार रात को लगातार तापमान जमाव बिंदु के नजदीक एक डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जिससे ग्रामीण इलाकों में ओस की बूंदें जम गईं और पाला पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

मौसम विभाग क्या कह रहा
मौसम विभाग की रिपोर्ट की माने तो राजस्थान में सर्द हवाओं के असर से दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। इससे सुबह-शाम के साथ-साथ दिन में भी सर्दी बढ़ गई। तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बढ़ेगी शीतलहर
मौसम विभाग की माने तो राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन ठंडी हवाएं सर्दी बढ़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, शेखावाटी क्षेत्र में ठिठुरन और अधिक बढ़ने की संभावना जताई गई है। यहां कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। रात और सुबह के समय ठंड में तेजी आने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

pc- oneindiahindi