Weather Update: राजस्थान में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत, प्रदेश में आंधी बारिश का दौर, कल से फिर बदलेगा मौसम, अलर्ट जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आई है। तपती धूप और झुलसाने वाली लू से परेशान लोगों के लिए थोड़ी राहत है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी जयपुर में भी गुरूवार को दोपहर बाद आंधी और बारिश का दौर चला जिसके बाद मौसम ठंडा हो गया। इसके बाद रात में कई इलाकों में अच्छी बारिश भी हुई। 

येलो अलर्ट जारी
मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह गिरावट भले ही मामूली लगे लेकिन भीषण लू के थपेड़ों से जूझ रहे लोगों के लिए यह बड़े काम की है। मौसम विभाग ने 2 से 4 मई के बीच जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सीकर और झुंझुनूं जैसे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज मेघगर्जन की चेतावनी दी गई है।

चलेगा आंधी बारिश का दौर
मौसम विभाग की माने तो अगले 3-4 दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में दोपहर के बाद धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। आंधी के साथ होने वाली हल्की बूंदाबांदी से वातावरण में ठंडक घुलेगी। राजस्थान के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास (40 से 42 डिग्री) दर्ज किए जा रहे हैं।

pc- firstindianews.com