Weather update: राजस्थान में गर्मी के तेवर तीखे, तापमान एक दो दिन में पहुंचेगा 40 डिग्री के पार, दिन में झुलसा रही धूप

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में गर्मी अभी से लोगों को परेशान कर रही है। अभी तो मार्च का महीना शुरू ही हुआ हैं और तापमान 40 डिग्री के आस पास पहुंच चुका है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मार्च की शुरूआत से ही तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को सूरज की तेज गर्मी का लगातार सामना करना पड़ रहा है, इस समय राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से चार से आठ डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है। दिन के हालात यह हैं की लोग धूप से बचते नजर आते है। 

क्या कह रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक आगामी एक सप्ताह  तक मौसम शुष्क रहेगा, इस दौरान राज्य के दक्षिण-पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की पूरी संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार  पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। 

40 डिग्री पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में गुजरात और उससे सटे अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रतिचक्रवाती तंत्र बना हुआ है जिसके प्रभाव से आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा।

pc-ndtv raj