Weather Update: भट्टी की तरह तप रहा राजस्थान, तेज धूप और लू के थपेड़ों से जीवन अस्त व्यस्त, ऑरेंज अलर्ट जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ रही हैं, हालात ऐसे हैं की दिन तो दूर की रात को भी लोगों को गर्मी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता हैं, देर रात तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग जयपुर द्वारा 19 मई को जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि कई जिलों में रात के समय भी गर्म हवाएं महसूस की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तेज धूप और गर्म हवा झुलसा रही
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं चलती रहीं। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हीटवेव का प्रभाव अधिक देखने को मिला। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

धूलभरी हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी 4 से 5 दिनों तक पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तीव्र हीटवेव यानी बेहद गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

pc- zee news