Weather Update: राजस्थान में आंधी बारिश का दौर, लोगों को गर्मी से राहत, आज भी 11 जिलों में अलर्ट

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, इस बारिश और ओलावृष्टि के कारण ही लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। इधर आंधी और बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। जयपुर, सीकर, जोधपुर, पाली, राजसमंद, उदयपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ सहित अनेक इलाकों में अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई।

राजधानी में भी आंधी बारिश का दौर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी देर रात कई इलाकों में आंधी बारिश का दौर देखने को मिला।  झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र में शाम करीब 4.15 बजे लगभग 20 मिनट तक बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे स्थानीय लोगों को अचानक बदले मौसम का सामना करना पड़ा। उदयपुर जिले के मावली क्षेत्र में भी आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसी तरह झुंझुनूं जिले के कई इलाकों में सोमवार शाम को तेज हवाओं के बाद बारिश शुरू हुई। मंडावा कस्बे में करीब 10 मिनट तक ओले गिरने के बाद तेज बारिश हुई।

कैसा रहेगा आगे मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में आंधी-बारिश का दौर आज 5 मई को भी जारी रहने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। 5 और 6 मई को राज्य के 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में धूप रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

pc- dailyhunt.in