Weather Update: राजस्थान में तापमान पहुंचा 43 डिग्री पार, कई जिलों में लू का अलर्ट किया गया जारी, जाने कैसा रहेगा मौसम
- byShiv
- 18 Apr, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में लोगों को भीषण गर्मी सहन करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए। अप्रैल महीने में तापमान औसत से अधिक रह रहा है, जिससे आमजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी और उत्तरी जिलों में लू का प्रकोप जारी है। जयपुर में दिन का तापमान 39-41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच रहा है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री के करीब बना हुआ है। राज्य में एक ओर पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न वायुमंडलीय प्रणालियों का प्रभाव देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर भी जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में क्या हैं हालात
बाड़मेर, जैसलमेर, चुरू, कोटा और बीकानेर जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री तक पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ जिलों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही देखी गई, लेकिन अब मौसम शुष्क हो गया है। मौसम विभाग अलर्ट के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभागों में दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है।
क्या कह रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग की माने तो जयपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भरतपुर और बीकानेर में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जबकि कोटा और बाड़मेर में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। राजस्थान में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चूरू में 43 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों जैसे टोंक, सवाई माधोपुर और बूंदी में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 18 से 27 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का असर बना रह सकता है।
pc- tv9






