Weather Update: राजस्थान में सर्दी का असर होने लगा तेज, तापमान में गिरावट का दौर जारी,फतेहपुर में 7.0 डिग्री पहुंचा
- byShiv
- 14 Nov, 2025
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मौसम में बदलाव जारी है, राज्य में लगातार सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। सर्दी का असर उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण देखने को मिल रहा है। इस बार नवंबर माह की ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ा है और कई जिलों में शीतलहर का असर जारी है। पहाड़ियों से आने वाली ठंडी उत्तरी हवाओं ने सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ा दी है। इससे कई जिलों में कोहरे का असर दिखाई देने लगा है।
तापमान में उतार चढ़ाव जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा, वहीं, ठंड और कोहरे की गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज की गई, तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री, जोधपुर में 30.8 डिग्री, जयपुर में 29.0 डिग्री, कोटा में 29.0 डिग्री रहा।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है, वहीं आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी संभव है।
pc- ndtv raj






