Delhi: बाप नहीं बन पा रहा था, जांच करवाई तो 26 साल के युवक के पेट में निकला गर्भाशय, डॉक्टर भी हैरान...
- byShiv
- 12 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। दुनिया में एक ऐसा मामला सामने आया हैं जिसके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। जी हां एक युवक के पेट में गर्भाशय पाया गया। यही नहीं, साथ में फैलोपियन ट्यूब जैसी संरचनाएं भी मिलीं और युवक के दोनों अंडकोष (टेस्टिस) भी पेट के अंदर पाए गए। 26 साल के युवक में इस बीमारी का खुलासा तब हुआ, जब वह बांझपन के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा।
जांच में बीमारी का खुलासा
दरअसल, दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित आरजी हॉस्पिटल्स में 26 साल का युवक बांझपन (इन्फर्टिलिटी) का इलाज कराने पहुंचा। जांच में बीमारी का खुलासा हुआ और उसके एक टेस्टिस में कैंसर से पहले की स्थिति भी देखने को मिली। पूरी जांच के बाद डॉक्टरों ने लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की और शरीर के अंदर बनी अबनॉर्मल फर्टिलिटी स्ट्रक्चर और खराब हुए टेस्टिस को निकालने में सफलता प्राप्त की।
नहीं थे शुक्राणु
आरजी हॉस्पिटल्स के चीफ यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर सुशील खरबंदा ने कहा कि युवक इन्फर्टिलिटी की समस्या के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था। उसे एजुस्पर्मिया था, यानी वीर्य में शुक्राणु नहीं थे। जांच में दोनों अंडकोष अपने सामान्य स्थान यानी स्क्रोटम में नहीं मिले। इसके बाद डॉक्टरों ने बीमारी की असली वजह जानने के लिए एमआरआई और जेनेटिक टेस्ट कराए।
कम विकसित था गर्भाशय
मीडिया रिपोटर्स की माने तो एमआरआई में पेल्विस के अंदर गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब जैसी संरचनाएं दिखाई दीं। जेनेटिक जांच में 46,एक्स वाई क्रोमोसोम पैटर्न मिला। इसके आधार पर डॉक्टरों ने पीएमडीएस की संभावना की जांच की। इस स्थिति में पुरुष क्रोमोसोम वाले व्यक्ति में गर्भाशय और फैलोपियन ट्यूब जैसी म्यूलेरियन संरचनाएं बनी रह सकती हैं। लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के दौरान गर्भाशय छोटा और कम विकसित पाया गया। दोनों अंडकोष पेट के अंदर थे और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
pc- etv bharat





