PM Modi: बनासकांठा में गूंजे 'मोदी कहीं नहीं जाएगा के नारे' पीएम ने कहा- वह कहीं नहीं जाने वाले

इंटरनेट डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिन के दौरे पर गुजरात पहुंचे, यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बनासकांठा में रोड शो से लेकर किसानों की रैली तक मोदी कहीं नहीं जाएगा के नारे गूंजते रहे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उनके हाथों में ऐसे पोस्टर और बैनर थे, जिन पर लिखा था- मोदी कहीं नहीं जाएगा। कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से की गई टिप्पणी के जवाब में बीजेपी समर्थकों ने यह नारा दिया।

लगे नारे
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कुछ दिन पहले पटना में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था, मोदी तो क्या, मोदी का बाप भी जाएगा। इसके जवाब में प्रधानमंत्री के समर्थकों ने मोदी कहीं नहीं जाएगा का नारा बुलंद किया। बनासकांठा जिले के भीलड़ी में मोदी के रोड शो के दौरान लोगों ने इस नारे के साथ कई तरह की तख्तियां ले रखी थीं। इनमें लिखा था, जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएगा।

रोड शो से जनसभा तक गूंजा ये नारा
प्रधानमंत्री हेलीपैड से बनास डेयरी संयंत्र तक रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान वह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ खुली जीप में सवार थे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने पहुंचे थे। रोड शो के बाद मोदी भीलड़ी स्थित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में भी बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं मौजूद थीं। कई महिलाएं भी हाथों में मोदी कहीं नहीं जाएगा लिखे पोस्टर लेकर पहुंची थीं। सभा में लोगों के नारों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि वह कहीं नहीं जाने वाले हैं। 

pc- aaj tak