Weather update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, फतेहपुर में पारा पहुंचा जमाव बिंदु पर, शीतलहर का अलर्ट जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट देखने को मिली है। बीकानेर के लूणकरणसर में सर्वाधिक 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान डाउन हुआ। नागौर के न्यूनतम तापमान में भी 7.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। वहीं  फतेहपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस और सीकर में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरा है।

जमाव बिंदु की ओर तापमान
वहीं न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट का दौर जारी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में सबसे ठंडा फतेहपुर रहा। वहां का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने वेदर एप से देखा तो फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस मिला। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान में आगामी सात दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शीतलहर का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर की माने तो  प्रदेश के पांच जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को सीकर, झुंझुनूं, चूरू, नागौर और डीडवाना कुचामन में शीतलहर चलने वाली है। इस शीतलहर के चलते सर्दी का प्रकोप और बढ़ना तय है। साथ ही एक दर्जन से ज्यादा जिलों में कोहरे पड़ने की भी चेतावनी जारी की गई है। जिन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। उनमें सीकर, चूरू, झुंझुनू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, उदयपुर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और डीग शामिल है।

pc- punjabkesari.in