Congress: अमेरिका में बोले राहुल, हमारे लोगों की हत्या हो और हम पाकिस्तान से बातचीत करें ये संभव नहीं...

इंटरनेट डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की गुंजाइश है, लेकिन पहले पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना होगा। शिकागो यूनिवर्सिटी में एक पाकिस्तानी छात्र के सवाल पर उन्होंने यह बात कही। इसी कार्यक्रम में राहुल ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान लगा है, जबकि भारत किनारे खड़ा है।

अमेरिका दौरे पर हैं राहुल
बता दें कि राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। इलिनॉय राज्य में शिकागो यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से बात की। इस दौरान उन्होंने दुनिया के आपसी रिश्तों, वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और कई दूसरे बड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी। बातचीत के दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने सवाल पूछा। वह जानना चाहता था कि क्या भारत और पाकिस्तान एक दूसरे पर आरोप लगाने का सिलसिला छोड़कर आपसी फायदे के लिए मिलकर काम कर सकते हैं।

इस पर राहुल गांधी ने साफ जवाब दिया, उन्होंने कहा कि इसकी गुंजाइश है, लेकिन एक बड़ी समस्या है। यह समस्या है पाकिस्तान का हमारे देश में आतंकवाद को समर्थन देना और बढ़ावा देना। राहुल ने कहा कि यह बात बिल्कुल मंजूर नहीं है। उनके मुताबिक हमारे लिए यह मानना नामुमकिन है कि हमारे बेगुनाह लोग मारे जाएं और हम उसी समय पाकिस्तान से बातचीत भी करते रहें। उन्होंने कहा कि जिस पल यह सब रुक जाएगा, उसके बाद बातचीत शुरू हो सकती है।

pc- aaj tak