Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, तापमान में आई गिरावट, आज भी अलर्ट जारी

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान से मानसून की विदाई लगभग हो चुकी हैं, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से प्रदेश के कई जिलों में अभी बारिश और ओले देखने को मिल रहे है। प्रदेश के कई हिस्सों में 28 और 29 सितंबर को बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। आईएमडी के अनुसार 28 सितंबर को 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सीकर और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

कई जगहों पर हुई बारिश
राजस्थान में 27 सितंबर को मौसम ने करवट ली और पूर्वी व उत्तरी हिस्सों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी हुई। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में कई जगह बादल गरजे और वज्रपात के साथ खंड वर्षा दर्ज की गई। बीकानेर, दौसा, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ ओलेे गिरे और हल्की बारिश के साथ बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तापमान 5 से 10 डिग्री तक गिरा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर समेत पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।

पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश के आसार
जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में 28 से 29 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है। 28 सितंबर को बीकानेर संभाग में भी बारिश हो सकती है, वहीं 29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 29 सितंबर से और पूर्वी राजस्थान में 30 सितंबर से मौसम मुख्यतः शुष्क होने का अनुमान है। अगले 5-6 दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है।

pc- news18