IPL में इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करने के करीब पहुंचे Dhoni

खेल डेस्क। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब पहुंच गए हैं। धोनी अब आईपीएल में अपने पांच हजार रन पूरे करने से केवल 55 रन दूर हैं। धोनी आईपीएल में अब 232 मैचों की 204 पारियों में 4945 रन बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 84 रन रहा है।
वह अपने आईपीएल करियर में 24 अर्धशतक लगा चुके हैं। धोनी ने गुरुवार को पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 36 रन बनाए थे। अब उनके पास आईपीएल के अगले मैच में अपने पांच हजार रन पूरे करने का मौका होगा।
आईपीएल में अभी तक केवल छह बल्लेबाज ही पांच हजार से अधिक रन बना सके हैं। इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम दर्ज है। वह आईपीएल में अब तक 6499 रन बना चुके हैं। जबकि शिखर धवन आईपीएल में छह हजार से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। डेविड वार्नर, रोहित शर्मा, सुरेश रैना और एबी डिविलियर्स भी पांच हजार से अधिक रन बना चुके हैं।